महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए एक और बुरी खबर है. पाम ऑयल (Palm Oil) के सबसे बड़े उत्पादक देश इंडोनेशिया (Indonesia) ने इसके निर्यात पर रोक लगाने का ऐलान किया है. कयास लगाए जा रहे हैं कि इंडोनेशिया की इस घोषणा के बाद भारत में खाद्य तेलों (Edible Oil) की कीमत में आग लग जाएगी. पाम ऑयल के एक्सपोर्ट पर पूरी तरह रोक (Indonesia bans palm oil) लगाने का यह आदेश 28 अप्रैल से लागू हो जाएगा. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो (Joko Widodo) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की.
क्या है वजह ?
दरअसल, इंडोनेशिया तेल की घरेलू कमी को कम करने और आसमान छूती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए खाद्य तेल और उसके कच्चे माल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाएगा. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने स्थानीय लोगों को आश्वासन देते हुए एक वीडियो जारी किया है. इंडोनेशिया में खाद्य तेलों के तेल की कीमत आसमान छू रही है. जिसके विरोध में लोग सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहें हैं.
भारत सबसे बड़ा खरीदार
भारत अपने आधे से अधिक पाम तेल आयात के लिए इंडोनेशिया पर निर्भर है. भारत कच्चा पामोलिन (raw palmolein) इंडोनिशिया और तैयार पामोलिन यानी रिफाइंड मलेशिया (Malaysia) से आयात (Import) करता है. हमारे कुल खाद्य तेल का करीब 65 फीसदी आयात इंडोनेशिया से होता है. इंडोनेशिया से एक्सपोर्ट बंद होना भारत के लिए चिंता का विषय है. अब सरसों का दाम (Price of Mustard) आसमान छुएगा. इसके अलावा मूंगफली, सोयाबीन और सूरजमुखी के तेल (Sunflower oil) भी महंगे हो जाएंगे, क्योंकि यूक्रेन दुनिया के सूरजमुखी तेल उत्पादन का 60% हिस्सा है. अब मलेशिया दाम को लेकर मनमानी करेगा.